पटना सिटी में रविवार को भाकपा माले ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का अर्थी जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। यह जुलूस शहीद पीर अली ग्राउंड से शुरू होकर मंगल तालाब मोड़, बाल लीला, हरमंदिर गली होते हुए शहीद भगत सिंह चौक अशोक राजपथ पहुंचा। यहां यह सभा में बदल गया। भाकपा माले के अनय कुमार ने आरोप लगाया कि SIR को लेकर राजनीतिक दलों और आम लोगों के कई सवाल हैं, जिनका आयोग को साफ जवाब देना चाहिए। भाकपा नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में बदलाव की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हो। उन्होंने बताया कि उनका आंदोलन किसी एक व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि मतदाताओं के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े सवालों को लेकर है। इस दौरान पटना साहिब सचिव अनय मेहता, मोहम्मद मुजफ्फर आलम, राजेश कुमार कुशवाहा, राखी मेहता और सुरेश प्रसाद समेत कई कार्यकर्ता शामिल थे।
