सिमरी थाना क्षेत्र के कंसी शोभन स्थित एनएच-27 पर मंगलवार देर रात लूट की कोशिश के दौरान अपराधियों ने एक पान व्यवसायी को गोली मारकर जख्मी कर दिया।
घायल की पहचान माधोपुर-बस्तवाड़ा पंचायत के माधोपुर निवासी 50 वर्षीय बाला भगत के रूप में हुई है। गोली उनके पैर में लगी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बाला भगत प्रतिदिन की तरह दरभंगा बाजार से पान का कारोबार कर मंगलवार की रात साढ़े दस बजे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार बदमाशों ने कंसी शोभन के पास उन्हें ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की। बदमाशों की मंशा भांपते हुए बाला भगत ने अपनी बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। इससे नाराज अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। एक गोली उनके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
गोली चलाने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे लूट के प्रयास से जुड़ा मामला मान रही है। आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
