May 2, 2026
image (2)

बिहार के भागलपुर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा का शुक्रवार को आकस्मिक निधन हो गया। उत्तर प्रदेश में कन्नौज शहर के पास उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वह दिल्ली से पटना लौट रहे थे। प्रवीण कुशवाहा की गिनती बिहार में कांग्रेस के बड़े नेताओं में होती थी। हाल ही में उन्हें भागलपुर का जिलाध्यक्ष बनाया गया था। वह प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी (AICC) के सदस्य भी रहे। पिछले साल विधानसभा का चुनाव लड़ा था। डिवाइडर से टकराकर पिलर से भिड़ी कार
जानकारी के अनुसार यह सड़क हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 बजे कन्नौज के तालग्राम थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से रगड़ती हुई एनपीआर के मध्य स्थित पिलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में प्रवीण सिंह कुशवाहा एवं कुमारी सपना गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक विनोद मंडल और विभु आर्यन को मामूली चोटें आईं।

सूचना मिलते ही तालग्राम थाना पुलिस, गश्ती दल, सेफ्टी एवं रिकवरी टीम एंबुलेंस के साथ सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया। बाद में गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उन्हें लखनऊ के अपोलो अस्पताल लेकर गए, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

इलाज के दौरान आया कार्डिएक अरेस्ट
सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रवीण कुशवाहा के परिवार के सदस्य कन्नौज के लिए रवाना हो गए। उनके करीबी और युवा कांग्रेस के नेता अमित ने बताया कि दुर्घटना के बाद कुछ देर तक प्रवीण ठीक थे। परिजन उन्हें लेकर अपोलो अस्पताल पहुंचे। लेकिन वहां कार्डिएक अरेस्ट आने से उनका निधन हो गया। बताया जा रहा है कि प्रवीण सिंह कुशवाहा दिल्ली से पटना लौट रहे थे।

कहलगांव से लड़ा था विधानसभा चुनाव
प्रवीण सिंह कुशवाहा ने 2025 में भागलपुर जिले की कहलगांव सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ा था। हालांकि, इस सीट पर महागठबंधन के दलों कांग्रेस और आरजेडी में फ्रेंडली फाइट के चलते जदयू के शुभानंद मुकेश को जीत मिल गई। प्रवीण कुशवाहा को हार का सामना करना पड़ा था। वह 2020 में पटना साहिब और 2005 में भागलपुर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ चुके थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *