June 21, 2026
image

भागलपुर रेल रूट के यात्रियों के लिए रेलवे से जुड़ी पांच बड़ी खबरें सामने आई हैं। एक तरफ जहां भागलपुर से अहमदाबाद के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने के लिए रेलवे ने फिजिबिलिटी रिपोर्ट मांगी है, वहीं पटना-अहमदाबाद अमृत भारत का विस्तार अब भागलपुर तक कर दिया गया है। दूसरी ओर, मानसून को देखते हुए रेल पटरियों के किनारे पेड़ों की छंटाई का काम युद्धस्तर पर जारी है। इस बीच, दानापुर-साहिबगंज इंटरसिटी पर पथराव मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि भागलपुर-जयनगर एक्सप्रेस में पंखे बंद रहने पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। बिहार के भागलपुर से गुजरात के अहमदाबाद के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। इस रूट पर अत्याधुनिक और आम लोगों की पसंदीदा ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभिन्न यात्री संगठनों की लगातार मांग के बाद रेलवे प्रशासन ने इस दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ा दिया है। रेलवे बोर्ड ने इस रूट पर ट्रेन चलाने की संभावनाओं को लेकर फिजिबिलिटी रिपोर्ट (संभाव्यता रिपोर्ट) मांगी है।
दरअसल, वर्तमान में भागलपुर से अहमदाबाद के लिए सीधी ट्रेनों की संख्या काफी सीमित है। इसके कारण यात्रियों को महीनों पहले टिकट बुक कराना पड़ता है या फिर पटना और कोलकाता होकर लंबा सफर तय करना पड़ता है। भागलपुर, बांका और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग कपड़ा व्यवसाय, हीरा उद्योग, पढ़ाई और रोजगार के सिलसिले में सूरत और अहमदाबाद जाते हैं। इस ट्रेन के शुरू होने से इन सभी प्रवासियों को सीधे तौर पर बड़ी राहत मिलेगी।
आपको बता दें कि अमृत भारत एक्सप्रेस पूरी तरह से गैर-वातानुकूलित (Non-AC) ट्रेन है, लेकिन इसमें मिलने वाली सुविधाएं प्रीमियम ट्रेनों जैसी हैं। पुश-पुल तकनीक पर आधारित इस ट्रेन में झटके नहीं लगते और गति भी शानदार होती है। इसके स्लीपर और जनरल कोच में मोबाइल चार्जर, बेहतर लाइटिंग, सीसीटीवी कैमरे और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं दी गई हैं, जो आम यात्रियों के बजट में बिल्कुल फिट बैठती हैं। पूर्वी बिहार और सीमांचल के रेल यात्रियों के लिए रेलवे ने एक और बड़ा तोहफा दिया है। अहमदाबाद-पटना-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन अब भागलपुर तक बढ़ा दिया गया है। पूर्व रेलवे मालदा मंडल और पूर्व मध्य रेलवे के समन्वय से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। इस फैसले के बाद अब यह अत्याधुनिक ट्रेन सीधे भागलपुर स्टेशन तक आएगी और यहीं से अहमदाबाद के लिए रवाना होगी। अमृत भारत एक्सप्रेस के भागलपुर तक विस्तार होने से न सिर्फ भागलपुर, बल्कि बांका, मुंगेर, गोड्डा और सीमांचल के जिलों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। अब गुजरात जाने के लिए यात्रियों को पटना जाने की मजबूरी नहीं रहेगी। इस ट्रेन के भागलपुर से परिचालन को लेकर स्थानीय लोग और दैनिक यात्री संघ लंबे समय से मांग कर रहे थे, जिसे रेलवे ने आखिरकार मंजूरी दे दी है। दानापुर-साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस पर बुधवार की शाम को हुई पत्थरबाजी के मामले में रेल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हबीबपुर थाना क्षेत्र के पंखाटोली इलाके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इरफान मुस्लिम के रूप में हुई है, जो मोहदनीपुर गांव का रहने वाला है।
रेल पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम को असामाजिक तत्वों द्वारा ट्रेन को निशाना बनाकर पथराव किया गया था, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया था। इस घटना में दो आरोपियों के नाम सामने आए थे। पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया है, जबकि घटना में शामिल दूसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। रेल पुलिस का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *