May 14, 2026
image (1)

पटना के जानीपुर थाने में तैनात दारोगा सह अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह को एक लाख रुपये घूस लेते निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने गिरफ्तार किया है। उस पर निजी जमीन की घेराबंदी कराने के एवज में घूस मांगने का आरोप है। आरोपित दारोगा को नहर की पूर्वी सड़क के किनारे से घूस लेते पकड़ा गया। निगरानी के मुताबिक, रूपसपुर के कौशल किशोर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जानीपुर क्षेत्र में उनकी जमीन है। इस जमीन की सरकारी अमीन से मापी कराने के बावजूद असामाजिक तत्व चहारदीवारी नहीं करने दे रहे थे। अपर थानाध्यक्ष ने इस जमीन की घेराबंदी कराने के बदले घूस मांगी। बाद में एक लाख रुपये में सौदा तय हुआ। प्रथमदृष्टया आरोप सही पाये जाने पर निगरानी थाने में कांड दर्ज करते हुए डीएसपी अरुणोदय पांडेय के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित कर ट्रैप की कार्रवाई की गई। ब्यूरो ने बताया कि आरोपित से पूछताछ के बाद निगरानी के विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा। निगरानी की टीम को लगभग 500 मीटर दूर खदेड़कर जानीपुर के अपर थानाध्यक्ष को पकड़ना पड़ा। खुद को छुड़ाने के लिए संजय कुमार सिंह ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर विजिलेंस के अधिकारियों पर तान दी थी। इसे लेकर जानीपुर-नौबतपुर मार्ग पर उनके और निगरानी विभाग के पदाधिकारी के बीच हाथापाई हुई। इस बीच निगरानी के पदाधिकारी को संजय कुमार सिंह को काबू में करने के लिए जोर आजमाइश करनी पड़ी। इस दौरान लप्पड़-थप्पड़ भी हुई। संजय कुमार सिंह ने खुद को गिरफ्त से छुड़ाने का काफी प्रयास किया, लेकिन निगरानी विभाग के पदाधिकारी के आगे उनकी एक नहीं चली। निगरानी टीम का नेतृत्व कर रहे डीएसपी अरुणोदय पांडे ने उन्हें काबू में करने के बाद गाड़ी में बिठाया और अपने साथ लेकर चलते बने। इस बीच मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई। कई लोगों बीच सड़क पर हो रही इस घटना का वीडियो भी बनाते दिखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *