May 25, 2026
image (3)

पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र में आरपीएस लॉ कॉलेज रोड स्थित होटल हाईडेन विला को पुलिस ने रविवार को सील कर दिया। होटल में पिता के साथ ठहरी एक छात्रा से शुक्रवार रात पिता के सामने छेड़खानी की घटना के बाद यह कार्रवाई की गई है। छात्रा के पिता के लिखित आवेदन पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें एक होटल कर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मैनेजर समेत दो कर्मचारी फरार हैं। होटल से शराब की बोतलें और यौनवर्धक दवाएं भी बरामद हुई हैं। पुलिस जांच में होटल का सीसीटीवी कैमरा बंद पाया गया। मामले में होटल मालिक से भी पूछताछ की जाएगी। सिटी एसपी (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि बेगूसराय निवासी एक व्यक्ति अपनी बेटी को पॉलीटेक्निक की परीक्षा दिलाने के लिए पटना आए थे। वे रूपसपुर स्थित होटल हाईडेन विला के कमरा संख्या 103 में बेटी के साथ ठहरे थे। शुक्रवार रात 12:48 बजे होटल का एक कर्मी उनके कमरे में घुस गया और छात्रा को जबरन खींचने लगा। इसी दौरान पिता की नींद खुल गई। उन्होंने विरोध किया और मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। यह देखकर आरोपित वहां से भाग निकला। उन्होंने ने डायल 112 पर इसकी सूचना दी। रात 1:15 बजे पुलिस होटल पहुंची। इस बीच उन्होंने पटना में रहने वाले अपने भतीजे को भी घटना की जानकारी दी। वह भी दोस्तों के साथ वहां पहुंच गया। पुलिस ने आरोपित कर्मी सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि होटल मैनेजर और एक अन्य कर्मी फरार हो गए। दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में रूपसपुर थाने में कांड संख्या 378/26 दर्ज कर जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
रात में चल रही थी शराब पार्टी
घटना के बाद होटल में हंगामा शुरू हो गया। पुलिस जांच में पता चला कि शुक्रवार रात होटल में शराब पार्टी चल रही थी। रात में होटल का सीसीटीवी कैमरा भी बंद कर दिया गया था, ताकि किसी प्रकार का वीडियो फुटेज रिकॉर्ड न हो सके। पुलिस के अनुसार शराब के नशे में होटल कर्मी सत्येंद्र कुमार छात्रा के कमरे में दुष्कर्म की नीयत से घुसा था। होटल की तलाशी के दौरान वहां से शराब की बोतलें और यौनवर्धक दवाएं बरामद की गईं। होटल के दो अलग-अलग कमरों में पश्चिम बंगाल की दो युवतियां और कुछ युवक भी ठहरे हुए थे। पुलिस ने उनसे भी पूछताछ की, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। चार साल पहले बना था होटल हाईडेन विला
होटल हाईडेन विला का निर्माण वर्ष 2022 में हुआ था। चार मंजिला इस होटल में चार पार्टनर हैं। पुलिस के अनुसार होटल का सुरक्षा ऑडिट नहीं कराया गया था और यह थाने में सूचीबद्ध भी नहीं था। होटल में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन घटना की रात वे बंद थे। पुलिस का कहना है कि साजिश के तहत कैमरे बंद किए गए थे, ताकि घटना के बाद कोई साक्ष्य न मिल सके। यह होटल रूपसपुर थाना से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *