May 25, 2026
image (4)

पालीगंज थाना क्षेत्र के डीहपाली गांव में रविवार की देर रात गिट्टी रखने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव निवासी 70 वर्षीय राजेश्वर यादव के रूप में हुई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पुत्र ज्ञानी कुमार ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी डोमन यादव के पुत्र यदि यादव, सुरेंद्र यादव तथा रामेश्वर यादव के पुत्र धर्मेंद्र यादव और धनंजय यादव के साथ पिछले कई महीनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू
रविवार की शाम उनके पिता घर के पास गिट्टी रखवा रहे थे, तभी आरोपित पक्ष के लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई किए जाने से उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन आनन-फानन में राजेश्वर यादव को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही स्वजन में मातम छा गया और गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद पालीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि डीहपाली गांव में दो पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।

गिट्टी रखने को लेकर विवाद बढ़ने के बाद मारपीट हुई, जिसमें एक अधेड़ की मौत हुई है। स्वजन ने लिखित आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *