डीजल की उपलब्धता में आ रही दिक्कतों और बढ़ती परिचालन लागत को लेकर जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन ने शनिवार को ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर सरकार और प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित किया। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो 20 जून से जमशेदपुर समेत अन्य राज्यों के ट्रक एवं ट्रेलर मालिक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
एसोसिएशन के महामंत्री मनीष कुमार सिंह ने बताया कि डीजल की कीमतों में वृद्धि के बावजूद माल भाड़े में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जिससे वाहन मालिकों पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बड़बिल-चाईबासा-सरायकेला मार्ग के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर एक वाहन को 5,000 रुपये से अधिक का डीजल नहीं दिया जा रहा है। इसके लिए वाहन चालकों को 12 से 20 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि डीजल संकट के कारण ट्रकों और ट्रेलरों का परिचालन करीब 50 प्रतिशत तक प्रभावित हुआ है। जो वाहन पहले प्रतिदिन आठ ट्रिप करते थे, वे अब केवल चार ट्रिप ही कर पा रहे हैं। इससे वाहन मालिकों को बैंक किस्त, टैक्स, परमिट, बीमा और अन्य आवश्यक खर्चों का भुगतान करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि उन्हें सरकार से सकारात्मक पहल की उम्मीद है, लेकिन यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो 20 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी, जिससे परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसोसिएशन के अध्यक्ष जसवीर सिंह, महामंत्री मनीष कुमार सिंह, बिट्टू तिवारी, वीरेंद्र यादव, अभय सिंह, पिंटू यादव, महेंद्र यादव, अभिषेक झा, विनीत, मनोज सिंह, पारस, मनीष ओझा, तपस्या सिंह, संजय पांडे सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
