छबिलापुर थाना क्षेत्र के राजगीर-इस्लामपुर मुख्य मार्ग पर राइसपर के समीप मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार अज्ञात हाइवा की चपेट में आने से 25 वर्षीय ममता कुमारी की मौत हो गई।
ममता गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के नवादापर गांव की रहने वाली थीं और राइसपर स्थित सिटी पब्लिक स्कूल में प्राचार्या के पद पर कार्यरत थीं।
वह अपने पति और बच्चों के साथ स्कूल परिसर में ही रहती थीं। उनके पति संजीत कुमार इसी विद्यालय के निदेशक हैं।
स्वजन के अनुसार ममता कुमारी ने पति की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर तीज व्रत रखा था। पड़ोस में तीज की पूजा संपन्न करने के बाद वह वापस स्कूल परिसर लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक हाइवा लेकर फरार हो गया। जिस दिन परिवार को ममता के साथ त्योहार की खुशियां बांटनी थीं, उसी दिन घर में मातम पसर गया। ममता अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई हैं। मां की मौत की खबर सुनकर दोनों बच्चों और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार के लिए यह दुख इसलिए भी गहरा है क्योंकि तीज का व्रत पूरा करने के बाद ममता अपने घर लौट रही थीं। स्वजन की आंखों के सामने अब बच्चों की परवरिश और भविष्य की चिंता भी है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्कूल परिसर में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर राजगीर-इस्लामपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों ने घटनास्थल के पास स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की।
उनका कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सड़क पर सुरक्षा के इंतजाम जरूरी हैं। ग्रामीण फरार हाइवा चालक की गिरफ्तारी और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। हादसे के बाद सड़क पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
