September 16, 2026
BIHAR

सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत चलाए जा रहे तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के क्रम में मंगलवार को “निवारक सतर्कता” विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम संस्थान के सभागार में “समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा” विषयवस्तु के अनुरूप आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी उपस्थित रहे। अध्यक्षता मुख्य वैज्ञानिक एवं सतर्कता जागरूकता सप्ताह की मुख्य समिति के अध्यक्ष डॉ. वी.सी. श्रीवास्तव ने की।
मुख्य वक्ता प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण ने निवारक सतर्कता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यस्थल पर पारदर्शिता, जवाबदेही, सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि निवारक सतर्कता भ्रष्टाचार की रोकथाम के साथ ही स्वस्थ, पारदर्शी और उत्तरदायी कार्यसंस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में सीएसआईआर-एनएमएल के बड़ी संख्या में वैज्ञानिक, अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने व्याख्यान को ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के अंत में प्रशासनिक अधिकारी विप्लव विशाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मंच संचालन अनुभाग अधिकारी वेद प्रकाश ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से संस्थान में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही और निवारक सतर्कता की संस्कृति को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *