June 22, 2026
image

पटना के गर्दनीबाग रोड नंबर-1 में सोमवार को एक कार के अंदर चालक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार को बैरिकेड कर जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस जांच में मृतक की पहचान रवि रमन यादव के रूप में हुई है. वह गर्दनीबाग के जनता रोड स्थित पत्थर गली का निवासी था. हालांकि उसका मूल निवास झारखंड के बोकारो में बताया जा रहा है. रवि पेशे से चालक था और एक सचिवालय अधिकारी की गाड़ी चलाता था.
मृतक के शरीर पर झुलसने के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. परिजनों का आरोप है कि रवि की हत्या की गई है. वहीं कुछ लोगों का मानना है कि भीषण गर्मी और लंबे समय तक कार के अंदर रहने की वजह से भी शरीर झुलस सकता है. हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने गर्दनीबाग से लेकर पीएमसीएच तक हंगामा किया. परिजनों ने पुलिस पर प्रताड़ित करने और हत्या में संलिप्तता का आरोप लगाया है. हालांकि पुलिस ने इन आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.
मृतक के भाई मनोज ने बताया कि रविवार सुबह रवि को किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से निकला और वापस नहीं लौटा. बताया जा रहा है कि रवि किराये पर चलने वाली गाड़ी चलाता था. वह शनिवार को वाहन मालिक से कार लेकर निकला था.
जब कार के अंदर शव मिलने की सूचना मिली तो पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर गाड़ी मालिक की पहचान की और उसे घटना की जानकारी दी. इसके बाद गाड़ी मालिक भी मौके पर पहुंचा. रवि तीन भाइयों में सबसे छोटा था और परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहा था. सचिवालय डीएसपी अनु कुमारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *