नगर थाना पुलिस ने नशा खुरानी कर बस यात्रियों को लूटने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार बदमाशों के पास से लूटे गए मोबाइल, अन्य मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि दोनों ने कर्नाटक से लौट रहे एक यात्री को बस में नशीली गोली खिलाकर बेहोश कर दिया। उसका मोबाइल व रुपये लूटकर फरार हो गए थे। नगर थाना के पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि प्रशिक्षु एसआई मनीषा कुमारी के आवेदन के आधार पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, गुरुवार की रात गश्त पर थी। इस बीच शुक्रवार की सुबह करीब 5:30 बजे कुआरी देवी चौक के पास वाहन जांच के दौरान दो संदिग्ध युवक पुलिस वाहन को देखकर एक दुकान की आड़ में छिपने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामगढ़वा निवासी काशी राम (47 वर्ष) तथा संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मंगलापुर निवासी दिलीप कुमार (38 वर्ष) के रूप में हुई। पहले दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
