May 2, 2026
WhatsApp Image 2026-05-02 at 8.39.26 AM

पटना सिटी में दीदारगंज थाना क्षेत्र के ज्ञान चक गांव में बुधवार की रात पुराने विवाद में तीन युवकों को गोली मार दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही दीदारगंज पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया। दो युवकों के पैर और एक के सीने में गोली लगी है। पुलिस पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिए जाने की बात कह रही है। गांव के लोगों ने बताया कि जुआ खेलने को लेकर युवकों के बीच पहले विवाद और मारपीट हुई थी। उसी को लेकर बुधवार की रात कुछ युवकों ने पिस्टल से गोलीबारी कर दी। इसमें जगन्नाथ सिंह का 21 वर्षीय बेटा विकास कुमार, संजय कुमार का 20 वर्षीय बेटा साहिल कुमार और किशोरी सिंह का 20 वर्षीय बेटा अंकित कुमार जख्मी हो गए। विकास और अंकित को पैर जबकि साहिल की सीने में गोली लगी। गोलीबारी की आवाज सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। गांव के लोग घरों से निकले। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। दीदारगंज पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है। घायलों के बयान के बाद मामला स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस हर पहलू पर जांच पड़ताल कर रही है। दीदारगंज थाना क्षेत्र के ज्ञान चक गांव में दो गुटों के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। बुधवार की देर शाम तीनों युवक घर के पास ही बैठकर बातचीत कर रहे थे। तभी दूसरे पक्ष के युवक नशे में पहुंचे और मारपीट तथा गोलीबारी करने लगे। भागने के दौरान तीनों युवकों को गोली लग गई। गोलीबारी की आवाज से हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा भी बरामद किया है। थानाध्यक्ष रणवीर कुमार ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। इस मामले में स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले दीपावली के समय भी जुआ खेलने के लिए विवाद हुआ था। दो दिन पहले भी दोनों के बीच में कहासुनी हुई थी। अंकित के भाई दीपक अपनी मां को गांव छोड़ने गया था। जहां से लौटने के दौरान कुछ युवकों ने पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। दीपक का इलाज पास के नर्सिंग होम में कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *