May 16, 2026
BIHAR (2)

विश्व बायोडायवर्सिटी दिवस के उपलक्ष्य में वन विभाग की ओर से शुक्रवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न स्कूलों के करीब 300 विद्यार्थियों को दालमा वन्यजीव अभयारण्य में ट्रैकिंग कराई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को जैव विविधता, वन संरक्षण और वन्य जीवों के महत्व के प्रति जागरूक करना था।

ट्रैकिंग कार्यक्रम में अलग-अलग स्कूलों के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक भी शामिल हुए। बच्चों ने दालमा की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते हुए वन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। वन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जंगलों और वन्य जीवों के संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से बताया।

इस अवसर पर स्कूली छात्राओं को वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से जीव-जंतुओं, वन संपदा और पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जैव विविधता के संरक्षण से ही पर्यावरण संतुलित रह सकता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में दालमा ट्रैकिंग को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने प्रकृति के बीच बिताए गए इस अनुभव को यादगार बताया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *