April 18, 2026
image (5)

पटना में पारिवारिक विवाद में भांजे ने धारदार हथियार से वार कर मामा को मार डाला। गुरुवार की दोहपर 11 बजे चौक थाना क्षेत्र के पटना साहिब स्टेशन रोड में विवेकानंद कॉलोनी मोड़ पर वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की छानबीन कर रही पुलिस ने आरोपित युवक मोहम्मद एजाज को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही खूनी चापड़ को भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने चौक थाना क्षेत्र के बक्शी मैदान का रहनेवाला 65 वर्षीय मो. रईश के शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी डॉ. गौरव कुमार और चौक थानाध्यक्ष राजकिशोर कुमार मौके पर पहुंचे। छानबीन शुरू की। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम ने भी जांच की। घटना की जानकारी होते ही परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। मृतक की बेटी शबनम खातून ने बताया कि गुरुवार की सुबह उसके पिता घर से निकले। थोड़ी देर बाद उसका फुफेरा भाई मोहम्मद एजाज भी घर से निकल गया। उसी ने पिता को मार डाला। वह अक्सर उसके पिता को हत्या की धमकी देता था। पूरी वारदात घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है, जिसमें एजाज मो. रईश पर कई बार चापड़ से प्रहार करता हुआ दिख रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। डीएसपी डॉ. गौरव ने बताया कि पारिवारकि विवाद में युवक ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एजाज को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयोग किए गए चापड़ को भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान एजाज ने बताया कि उसके मामा के परिवार के लोग उसकी पत्नी को प्रताड़ित करते थे। जिसके आक्रोशित होकर उसने घटना को अंजाम दिया है। मृतक रईश कपड़ों में रफू का काम करता था। पोस्टमार्टम के बाद उसके शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना का वीडियो आया सामने
इस हत्याकांड का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि कैसे बीच सड़क बड़ी ही बेरहमी से कत्ल को अंजाम दिया गया है। वीडियो में दिख रहा है कि एजाज हाथ में चापड़ लिए सड़क पर कुछ कदम चल रहा और फिर अचानक ही वो अपने मामा पर ताबड़तोड़ हमला कर देता है। चापड़ से वार होते ही मोहम्मद रईश वहीं ढेर हो जाता है। वीडियो में यह भी नजर आ रहा है कि उस वक्त कई लोग आसपास से गुजर रहे हैं। हालांकि, कोई भी उस वक्त रईश को बचाने नहीं आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *