अरवल पुलिस ने हथियार और स्मैक तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। सदर थाना क्षेत्र के रेड लाइट एरिया में छापेमारी कर पांच तस्करों, जिनमें 2022 बैच का एक सिपाही भी शामिल है गिरफ्तार किया गया है और दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया।
पकड़े गए तस्करों में एक 2022 बैच का सिपाही सोनू कुमार है, जो औरंगाबाद जिले के दाउदनगर अग्निशमन विभाग में तैनात है।
सोनू अरवल जिले के बंशी प्रखण्ड अंतर्गत सोनभद्र गांव का निवासी है। सिपाही के साथ उसके गांव के ही करण कुमार, देशराज कुमार व रोशन कुमार को भी पकड़ा गया है।
इसके अलावा अरवल सिपाही के विजय कुमार को गिरफ्तार किया गया है। सभी तस्करों की उम्र 22 से 28 के बीच है। दो विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। एसपी डॉ. नवजोत सिमी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि रेड लाइट एरिया जनकपुर में स्मैक चरस और हथियारों की खरीद बिक्री करने वाले इकट्ठा हो रहे हैं, तत्काल अरवल सदर थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और रेड लाइट एरिया की घेराबंदी कर छापेमारी की गई।
