June 3, 2026
health

उपायुक्त राजीव रंजन की उपस्थिति मे सिविलसर्जन कार्यालय एवं हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन के बीच बेलाजुड़ी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भवन के उपयोग को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत पीएचसी भवन के प्रथम तल पर जेरियाट्रिक (वृद्धजन) केयर सेंटर स्थापित एवं संचालित किया जाएगा।
समझौते के अनुसार बेलाजुड़ी पीएचसी भवन का भूतल पूर्ववत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में कार्य करता रहेगा, जबकि प्रथम तल का उपयोग हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन द्वारा वृद्धजनों की देखभाल, पुनर्वास एवं आवश्यक सेवाओं के लिए समर्पित जेरियाट्रिक केयर सेंटर के रूप में किया जाएगा। एमओयू का उद्देश्य उपलब्ध सरकारी अवसंरचना का बेहतर उपयोग करते हुए वृद्धजनों के लिए समर्पित स्वास्थ्य एवं देखभाल सेवाओं को सुदृढ़ बनाना है। इससे जिले में वरिष्ठ नागरिकों को एक संगठित एवं समर्पित देखभाल केंद्र की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
यह एक गैर-वित्तीय (नॉन-फाइनेंशियल) समझौता है तथा केंद्र के संचालन से संबंधित सभी व्यय संस्था द्वारा वहन किए जाएंगे। एमओयू के अनुसार जेरियाट्रिक केयर सेंटर को भवन हस्तांतरण की तिथि से नौ माह के भीतर पूर्ण रूप से संचालित करना होगा। यह समझौता प्रारंभिक रूप से तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा, जिसे आपसी सहमति से आगे भी जारी रखा जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *