बिहार के वैशाली जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें न तो कानून का डर है और न ही पुलिस का. हम ऐसा लिए कह रहे हैं कि ताजा मामला महनार थाना क्षेत्र के थानपुर गांव का है. यहां बीती रात करीब डेढ़ दर्जन से अधिक सशस्त्र अपराधियों ने एक आभूषण व्यवसायी के घर पर धावा बोलकर जमकर उत्पात मचाया और ‘जंगलराज’ जैसा नजारा पेश किया. जानकारी के अनुसार, आधी रात के बाद अपराधी आभूषण दुकानदार रंजीत साह के घर पहुंचे. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे; उनके पास घर में घुसने के लिए अपनी सीढ़ी भी थी. अपराधियों ने पहले घर का मुख्य दरवाजा तोड़ा और फिर छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए. लूटपाट के दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने घर के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट की. दहशत फैलाने के लिए अपराधियों ने कई बम भी फोड़े, जिसकी चपेट में आने से एक ग्रामीण सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. धमाकों की गूंज से पूरा इलाका सहम गया. डकैत घर में रखा कीमती सोना-चांदी, नकदी और अन्य सामान समेटकर आसानी से फरार हो गए.
हालांकि, सुबह घटना की जानकारी मिलते ही महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गए है. अपराधियों की धर पकड़ के लिए कार्रवाई की जा रही है.
