April 21, 2026
WhatsApp Image 2026-04-21 at 10.29.07 AM

थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में रविवार की रात आई बरात में मारपीट के बाद भाग रहे लोगों ने रास्ते में एक युवक की पीटकर हत्या कर दी। खबर है कि युवक उस समय अकेला घर लौट रहा था। उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला। उसके सिर पर गंभीर जख्म के निशान थे। स्वजन और ग्रामीणों ने पिकअप से भाग रहे डीजे पार्टी के सदस्यों व बरातियों पर युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए बरात की एक दर्जन गाड़ियों को बंधक बनाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया।
आक्रोशित ग्रामीण डीजे संचालक को बुलाने और उसकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। घंटों मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जाता है कि नगर पंचायत मीनापुर के वार्ड संख्या 10 में पियर थाना क्षेत्र के सिमरा से बरात आई थी।
मानिकपुर गांव निवासी विनोद सहनी का पुत्र राहुल कुमार (26 वर्ष) घर से 500 मीटर दूर उसी शादी समारोह में शामिल होने गया था। ग्रामीणों का कहना है कि जयमाला के बाद बरात में डीजे पर अश्लील गाना बजाया जा रहा था।
विरोध करने पर बराती पक्ष और स्थानीय युवकों के बीच मारपीट हो गई। घायल शोभा लाल कुमार ने बताया कि मारपीट की खबर सुनकर कुछ लोग डीजे के पास दौड़े। इसी क्रम में दूसरी ओर से बरात पक्ष के दर्जनों लोगों ने बांस-बल्ला लेकर मारपीट शुरू कर दी। हमले में उनका सिर फट गया।
बीच-बचाव करने पहुंचे राजू कुमार, सिकंदर कुमार, संजीव कुमार के साथ भी मारपीट करते हुए डीजे लोड पिकअप से दर्जनों बराती भाग गए। इसके कुछ ही देर बाद सड़क किनारे राहुल का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। ग्रामीण गौरी लाल सहनी ने बताया कि देर रात सड़क पर शोर सुन जब उन्होंने खिड़की से झांकी तो देख कि डीजे वाली गाड़ी पर सवार लोग राहुल से मारपीट कर रहे थे।
जब तक गेट खोलकर वह घर से बाहर निकले, हमलावर राहुल को उठाकर कुछ दूर आगे ले गए। इसके बाद घर से 200 मीटर की दूरी पर मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे फेंक सभी भाग निकले। मृतक के पिता विनोद सहनी ने पुत्र की मारपीट कर हत्या का आरोप डीजे वाहन पर सवार लोगों पर लगाया है। घटना की खबर सुनते ही ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। सड़क पर शव रखकर हंगामा करने लगे। बराती की एक दर्जन गाड़ियों को बंधक बना लिया। इधर युवक की पत्नी विनीता कुमारी का रो-रो कर बुरा हाल था।
वह बार-बार बेहोश हो जा रही थी। बस यही कहती थी कि अब दो साल के पुत्र रियांस को कौन देखेगा। बताया जाता है कि युवक ने लगभग चार वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। उसकी छोटी बहन की 26 अप्रैल को शादी होने वाली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
एफएसएल की टीम ने भी नमूना इकट्ठा किए। थानाध्यक्ष राम एकबाल प्रसाद ने बताया कि मामले में अभी लिखित आवेदन नहीं मिला है। पुलिस जांच कर रही है। बरात की गाड़ियों को छोड़ने के लिए कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *