मुजफ्फरपुर शहर के बैरिया गोलंबर के पास बुधवार देर रात एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। बड़े-बड़े पेड़ों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के रिहायशी इलाकों में दहशत फैल गई। नवनिर्मित अपार्टमेंट में रहने वाले कई परिवार एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। जानकारी के अनुसार बैरिया गोलंबर से चांदनी चौक पुल की ओर जाने वाले मार्ग पर धर्मकांटा के पास स्थित दो गोदामों में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और कबाड़ सामग्री रखी गई थी। देर रात करीब 12:15 बजे अचानक आग लग गई। प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें इतनी तेज थी कि घटनास्थल से 50 से 60 मीटर दूर तक गर्मी महसूस की जा रही थी। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई परिवार अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। अग्निशमन पदाधिकारी आर.एन. पांडे ने बताया कि रात 12:20 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। महज पांच मिनट के भीतर पहली टीम मौके पर पहुंच गई। शुरुआती दौर में पांच बड़ी और तीन छोटी दमकल गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया, लेकिन काबू नहीं पाया जा सका।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गोदाम के पास स्थित एक जेसीबी वर्कशॉप भी आग की चपेट में आ गई। इस दौरान वहां खड़ी तीन जेसीबी मशीनें भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि आधिकारिक रूप से नुकसान का आकलन अभी नहीं किया गया है।
