May 18, 2026
image (7)

पटना जिले के फतुहा से रविवार रात एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. अंतिम संस्कार के लिए जा रही लोगों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. श्मशान घाट जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मसौढ़ी थाना क्षेत्र के केवाली गांव से एक वृद्ध महिला के अंतिम संस्कार के लिए परिजन और ग्रामीण बस से फतुहा नदी थाना क्षेत्र स्थित सम्मसपुर श्मशान घाट जा रहे थे. मृतका की पहचान कपिल मांझी की पत्नी फुला देवी के रूप में हुई है.

बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब नौ बजे फतुहा के कृपालटोला मोड़ के पास बस बैक करने के दौरान अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई. बस में करीब 40 लोग सवार थे. बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया. घटना की सूचना मिलते ही फतुहा नदी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए राहत कार्य शुरू कराया. पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल सभी लोगों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. नदी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. वहीं, इस हादसे के बाद केवाली गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *