बिहार में दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र में सोमवार की रात बदमाशों ने स्वर्ण व्यवसायी से करीब 22 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और तकनीकी टीम ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सिंहवाड़ा नगर पंचायत वार्ड संख्या-एक निवासी शिबू ठाकुर पिछले करीब 10 वर्षों से सिमरी थाना क्षेत्र के बिरदीपुर चौक पर गायत्री ज्वेलर्स एंड बर्तन भंडार नामक दुकान संचालित करते हैं।
सोमवार की रात करीब 7:30 बजे दुकान बंद कर अपने पिता अमीरी ठाकुर के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। शिवगंगा गोदाम के समीप पहुंचते ही पहले से घात लगाए एक बदमाश ने बीच सड़क पर बाइक खड़ी कर उनका रास्ता रोक लिया और उनकी बाइक को धक्का देकर गिरा दिया। तभी पीछे से दूसरी बाइक पर सवार तीन अन्य बदमाश भी पहुंच गए। सभी ने मिलकर पिता-पुत्र के साथ धक्का-मुक्की की और बाइक की डिक्की तोड़ दी। डिक्की में रखे लाल रंग के झोले में सोने-चांदी के आभूषण थे, जिसे बदमाश लेकर फरार हो गए।
लूटे गए सामान में करीब साढ़े तीन किलोग्राम चांदी के आभूषण में पायल, सिकड़ी, बिछिया, हाथशंकर आदि और करीब 80 से 85 ग्राम सोने के जेवर में नोज पिन, अंगूठी, ढोलना, हनुमानी, मंगलसूत्र, झुमका, बाली तथा अन्य अर्द्ध निर्मित आभूषण शामिल हैं।
इसके अलावा बदमाशों ने व्यवसायी की जेब से करीब 2500 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य आवश्यक कागजात भी छीन लिए। अंधेरा होने की वजह पिता-पुत्र अपराधियों की पहचान नहीं कर सके।
सभी बदमाश सामान्य कद-काठी के थे और आपस में हिंदी भाषा में बातचीत कर रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बाइक से बिरदीपुर की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, अपर थानाध्यक्ष शशि शंकर कुमार ने तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के सीसी कैमरे के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इस बाबत सिमरी थाना में कांड संख्या 106/26 दर्ज किया गया है। बताते हैं कि नौ वर्ष पहले नौ नवंबर 2017 को भी गायत्री ज्वेलर्स को चोरों ने निशाना बनाया था। उस समय अज्ञात चोर दुकान का शटर और ताला तोड़कर अंदर घुसे थे तथा लोहे की तिजोरी में रखे सोने-चांदी के आभूषणों समेत पूरी तिजोरी ही उठाकर फरार हो गए थे।
उस चर्चित चोरी कांड का आज तक पुलिस उद्भेदन नहीं कर सकी है और न ही चोरी किए गए आभूषणों की बरामदगी हो पाई है। अब एक बार फिर उसी दुकान संचालक को निशाना बनाए जाने से व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार दूसरी बड़ी घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही मामले के उद्भेदन का प्रयास किया जा रहा है।
