एलबीएसएम कॉलेज के बहुउद्देशीय सभागार में स्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए परिचयात्मक कक्षा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. अशोक कुमार झा ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि कॉलेज और विषय का चयन विद्यार्थी अपने भविष्य को ध्यान में रखकर करते हैं। एलबीएसएम कॉलेज में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और उनके सर्वांगीण विकास के लिए महाविद्यालय प्रशासन एवं शिक्षक प्रतिबद्ध हैं।उन्होंने कहा कि एलबीएसएम कॉलेज की स्थापना क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास के उद्देश्य से हुई है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना भी कॉलेज की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के अनुभव और ज्ञान का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन का यह महत्वपूर्ण समय अपनी प्रतिभा को निखारने और भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का है। इसलिए विद्यार्थियों को कक्षाओं में नियमित रूप से उपस्थित रहना चाहिए। परिचयात्मक कक्षा में विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को विषय की पढ़ाई, लेखन क्षमता के विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर मार्गदर्शन दिया। शिक्षकों ने कहा कि वर्तमान परीक्षाओं में प्रश्नपत्रों के बदलते पैटर्न को देखते हुए विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास के माध्यम से अपनी लेखन क्षमता विकसित करनी होगी। कार्यक्रम में वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. विजय प्रकाश, डॉ. अजेय वर्मा, प्रो. बिनोद कुमार, भौतिकी विभागाध्यक्ष सुष्मिता धारा, राजनीति विज्ञान के प्रो. विकास मुंडा, भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. रितु, रसायनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अरविंद पंडित, दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. दीपंजय श्रीवास्तव, प्रो. संतोष कुमार राम, मनोविज्ञान विभाग के डॉ. प्रशांत एवं प्रो. प्रमिला किस्कू, भूगोल के डॉ. संतोष कुमार, वाणिज्य की डॉ. रानी, अर्थशास्त्र की सलोनी रंजने, हिन्दी के डॉ. सुधीर कुमार, संथाली के बाबूराम सोरेन, हो की शिप्रा बोयपाई एवं प्रो. लेदेम हांसदा सहित प्रधान सहायक सौरव कुमार वर्मा मौजूद रहे।
सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कोऑर्डिनेटर एवं अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. मौसमी पाल ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. बिनोद कुमार ने किया।
