August 6, 2026
1630013149_jalpaiguri-flash-flood

भारी बारिश से जिले के विभिन्न इलाके बुरी तरह प्रभावित हो गए है। तीस्ता और करला नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे सैकड़ों परिवार प्रभावित हो रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जिले में 165.60 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो इस मानसून सीजन की अब तक की सबसे अधिक वर्षा है। लगातार हो रही बारिश के कारण तीस्ता और करला नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वहीं, अत्यधिक वर्षा के चलते जलपाईगुड़ी शहर और आसपास के कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। सड़कों से लेकर घरों तक पानी भर जाने से आम लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, सबसे ज्यादा खराब हालात सदर ब्लॉक के बांग्लादेश सीमा से सटे गड़ालबाड़ी, चंदनडांगा और कैंपेर हाट क्षेत्रों में है। यहां करीब 200 से अधिक परिवार जलमग्न होकर फंसे हुए है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बरसात में ऐसी स्थिति बनती है। इसके अलावा, सीमा क्षेत्र में आवाजाही के लिए लगाए गए ह्यूम पाइप में कचरा जमा होने से पानी की निकासी बाधित हो रही है, जिससे हालात और भी गंभीर हो गए हैं। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, लेकिन स्थानीय लोग जल्द राहत और स्थायी समाधान की मांग कर रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *