September 23, 2026
image (1)

थाना क्षेत्र के मिथिला कॉलोनी मोड़ स्थित एक किराये के मकान में सिपाही और उसकी बहन के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, सिपाही ओमचंद ने अपनी सरकारी पिस्टल से बहन गायत्री देवी की हत्या करने के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दोनों भाई-बहन ब्रजेश कुमार के मकान में किराये पर रह रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के मरथुआ निवासी स्व. उदय चंद्र के पुत्र ओमचंद मोतिहारी जिला पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात था। पिता की मृत्यु के बाद उसे अनुकंपा के आधार पर पुलिस की नौकरी मिली थी। बताया गया कि उसकी शादी भी होने वाली थी। वह करीब दो दिन पहले ही मिथिला कॉलोनी स्थित अपनी बहन के पास आया था।
गायत्री देवी की शादी अप्रैल 2024 में हुई थी। परिजनों के अनुसार, वह मानसिक रूप से बीमार चल रही थी और उसका इलाज भी चल रहा था।
पिछले कुछ दिनों से वह अपने भाई के साथ रह रही थी। वहीं, एक अन्य भाई उमानाथ शर्मा फ्लिपकार्ट कंपनी में काम करता है और उसी मकान में रहता था।
मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि वह सुबह अपने काम पर चला गया था। दोपहर करीब तीन बजे फोन पर बातचीत भी हुई थी।

देर शाम जब वह घर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। फोन करने पर भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद किसी तरह दरवाजा खोला गया तो दोनों भाई-बहन मृत अवस्था में मिले।
सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच के दौरान सरकारी पिस्टल, दो खोखे और एक गोली बरामद की गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैl
एएसपी अजीत कुमार ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक समस्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि सिपाही ने पहले अपनी बहन को गोली मारी और फिर खुद आत्महत्या कर ली। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *