April 14, 2026
image (2)

पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बेलछी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मेडिकल दुकान की आड़ में चल रहे अवैध हथियारों के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में कथित डॉक्टर त्रिपुरारी कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है, जो पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को बेलछी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बाराह गांव निवासी त्रिपुरारी कुमार सिंह अपनी खुशी मेडिकल दुकान के जरिए अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाढ़-2 आशीष श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाराह गांव स्थित आरोपी के घर और मेडिकल दुकान पर छापामारी की। इस दौरान पुलिस ने एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, पिस्टल की मैगजीन, एक अतिरिक्त मैगजीन, 7.65 एमएम के 11 जिंदा कारतूस, 5.8 एमएम के 4 कारतूस, एक एयर गन, पिस्टल के 6 कवर और करीब 1 लाख 25 हजार रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार बरामद नकदी अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़ी हो सकती है। छापामारी के दौरान जब आरोपी से पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार त्रिपुरारी कुमार सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *