थाना क्षेत्र के राघोपुर मौआर कॉलोनी में एक किराए के मकान से सोमवार की देर शाम को इंजीनियरिंग की छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थिति में बरामद किया गया। छात्रा के कमरे में बाहर से ताला बंद था। छात्रा के शव मिलने की सूचना पर अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक की टीम ने छानबनी की और कमरे को सील कर साक्ष्य इकट्ठा करने में जुटी रही। वहीं घटना की सूचना के बाद पंहुचे स्वजन में कोहराम मच गया। छात्रा की पहचान औरंगाबाद जिले के खुदवा थाना क्षेत्र के मालवा डिहुरी निवासी अशोक शर्मा की 18 वर्षीय पुत्री सह एनएसआईटी इंजीनियरिग कॉलेज में बीटेक अंतिम वर्ष की छात्रा अनुपमा कुमारी के रूप में हुई। वह तीन बहन और एक भाई में सबसे छोटी थी। तीन सालों से बिहटा के राघोपुर स्थित मिथिला सिंह के मकान में किराए पर रह रही थी। अनुपमा तीन सालों से बिहटा के राघोपुर स्थित मिथिला सिंह के मकान में किराये पर रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। दो दिन पूर्व कालेज के वार्षिक उत्सव क्रस्ट-26 में भी सहभागिता देकर किराये की मकान में लौटी थी। शनिवार की दोपहर में स्वजन से बातचीत की थी। रविवार की सुबह से उसका मोबाइल स्विच ऑफ था। इसके बाद सोमवार को छात्रा के स्वजन ने मकान मालिक और आसपास में रह रहे संबंधी को फोन कर बताया कि अनुपमा फोन नहीं उठा रही है। सूचना पर मकान मालिक और रिश्तेदार कमरे में पहुंचे तो देखा कि कमरे में बाहर से ताला बंद था। जब लोगों ने पुलिस को सूचित कर दरवाजा खोला तब उसके होश उड़ गए। छात्रा का शव बेड पर पड़ा हुआ था। पुलिस ने प्रथम जांच के दौरान छात्रा के गला, पैर और हाथ पर घाव के जख्म के निशान पाया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया की आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।
