April 14, 2026
image (4)

पटना जंक्शन पर सोमवार रात उस समय अफरातफरी मच गई जब प्लेटफार्म संख्या-एक स्थित वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट काउंटर के पास शार्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई।
चिंगारी ने देखते ही देखते आसपास के हिस्सों को चपेट में ले लिया, जिसके बाद आग पूछताछ काउंटर (इन्क्वायरी रूम) और वीआइपी – रूम तक फैल गई। घटना रात्रि 11:15 बजे की है। रेलवे कर्मचारियों और आन-ड्यूटी स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही समय में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे से बचाव हो सका। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन स्टेशन के कई महत्वपूर्ण
हिस्सों में नुकसान हुआ है। आग लगने के कारण स्टेशन के कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बताया जा रहा है कि अलग-अलग स्थानों पर शार्ट सर्किट की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सबसे अधिक असर पूछताछ काउंटर पर पड़ा, जहां कंप्यूटर सिस्टम पूरी
तरह ठप हो गया। इसके कारण यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, कंप्यूटर नेटवर्क फेल होने के कारण आरक्षण प्रणाली भी प्रभावित हुई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थिति सामान्य करने के लिए तकनीकी टीमों को लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *