नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय सांस्कृतिक समिति की ओर से हिंदी भाषा की समृद्ध विरासत, रचनात्मकता और महत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं राष्ट्रीय अभियंता दिवस के अवसर पर प्लेसमेंट सेल एवं डिपार्टमेंट ऑफ इंजीनियरिंग के संयुक्त तत्वावधान में “नवाचार और डिजिटलीकरण के माध्यम से सतत भविष्य के लिए स्मार्ट इंजीनियरिंग” विषय पर अतिथि व्याख्यान सह एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। दोनों आयोजनों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भाषा, रचनात्मकता, उद्यमिता तथा तकनीकी नवाचार के प्रति अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह, कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि, कुलसचिव नागेंद्र सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोजिब अशरफ, शैक्षणिक सलाहकार प्रो. दिलीप शोम, डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. राकेश कुमार, डीन एकेडमिक अभिनव कुमार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिंदी दिवस पर रचनात्मकता को मिला मंच
राष्ट्रीय हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उनकी अभिव्यक्ति, कल्पनाशीलता और रचनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करना था। कविता पाठ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी स्वरचित कविताओं के साथ-साथ प्रसिद्ध हिंदी कवियों की रचनाओं का प्रभावशाली पाठ किया। प्रतियोगिता में बीएससी बायोटेक्नोलॉजी की शादान नाजनीन ने प्रथम, गुनगुन अग्रवाल ने द्वितीय तथा बी.फार्म की आलिया समर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
हिंदी चित्र-कथा लेखन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को दिए गए चित्रों के आधार पर हिंदी में लघु कहानी लिखने का अवसर दिया गया। विद्यार्थियों ने चित्रों को अपनी कल्पनाशक्ति से जोड़ते हुए रोचक एवं संदेशपरक कहानियां प्रस्तुत कीं। इसमें डी.फार्म की रिम्शा इश्तियाक ने प्रथम, बीबीए की शादान आफरीन ने द्वितीय तथा डी.फार्म के द्राक्षन इस्लाम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा “पिच योर आईडिया” प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा में पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बिजनेस आइडिया, स्टार्टअप मॉडल, सामाजिक कल्याण योजनाओं तथा अन्य नवाचार आधारित विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में लाइबा नय्यर एवं श्रेया सिन्हा की टीम ने प्रथम, लवली कुमारी एवं हिमांशु कुमार की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
