महात्मा गांधी सेतु पर गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे के बाद पूरे इलाके में लंबा जाम लग गया. दो वाहनों की जोरदार टक्कर में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया. हादसे के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. महात्मा गांधी सेतु पर दो वाहनों के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया और चालक केबिन में फंस गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे के कारण जीरो माइल से पहाड़ी मोड़, गया-मसौढ़ी रोड और दीदारगंज से जीरो माइल जाने वाली लेन पूरी तरह ठप हो गई. वहीं पहाड़ी मोड़ से अगमकुआं होते हुए धनुकी मोड़ और हाजीपुर जाने वाला मार्ग भी जाम में फंस गया. पहाड़ी मोड़ से अगमकुआं शीतला मंदिर ओवरब्रिज तक वाहनों की लंबी कतार लग गई. तीन घंटे से अधिक समय से हाजीपुर-पटना लेन पर भारी जाम लगा हुआ है, जिससे हजारों यात्री फंसे हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम भी शुरू किया गया. ट्रैफिक पुलिस की टीम लगातार यातायात को सामान्य करने में जुटी है. हालांकि भारी वाहनों के दबाव के कारण जाम की स्थिति अभी भी बनी हुई है और धीरे-धीरे यातायात बहाल किया जा रहा है. प्रशासन ने आम लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ से बचने के लिए छोटे वाहनों में जेपी सेतु जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रह सके.
