June 4, 2026
image (1)

पटना के फुलवारी शरीफ के टमटम पड़ाव स्थित बजरंगबली मंदिर के पास देर रात दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई. इस दौरान सड़क पर जमकर मारपीट हुई और बेल्ट, तलवार तथा चाकू से एक-दूसरे पर हमला किया गया. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बेल्ट और धारदार हथियारों से हमला कर दिया. मारपीट के दौरान कई लोग घायल हो गए और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि झगड़े के दौरान कुछ लोगों ने पिस्टल भी निकाल ली. हालांकि फायरिंग की कोशिश की चर्चा है, लेकिन गोली नहीं चली. अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. घटना स्थल फुलवारी शरीफ थाना से मात्र करीब 50 मीटर की दूरी पर है. इसके बावजूद काफी देर तक मारपीट चलती रही और मौके पर पुलिस की मौजूदगी नहीं दिखी. बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला टेंपो चालकों के दो गुटों के बीच विवाद का बताया जा रहा है. जबकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह झगड़ा नशे के अवैध कारोबार से जुड़े गुटों के बीच हुआ है. स्थानीय लोगों ने टमटम पड़ाव के जोगिया टोली इलाके में लंबे समय से अवैध शराब, गांजा, स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार का आरोप लगाया है. लोगों का कहना है कि इसी कारण यहां अक्सर विवाद और हिंसक घटनाएं होती रहती हैं. फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *