September 12, 2026
xfhngdr

खाना खाने के बाद सीने में जलन या बेचैनी महसूस होने पर अक्सर लोग इसे गैस और एसिडिटी से जोड़कर देखते हैं। कई लोग ऐसी स्थिति में तुरंत गैस की दवा ले लेते हैं या घरेलू नुस्खों का सहारा लेते हैं। लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक, सीने की जलन को हर बार सामान्य एसिडिटी समझना नुकसानदायक हो सकता है, क्योंकि कुछ मामलों में यही परेशानी हार्ट से जुड़ी गंभीर समस्या का संकेत होती है।

कार्डियोलॉजिस्ट्स बताते हैं कि हार्ट अटैक के दौरान होने वाली कुछ तकलीफें एसिडिटी जैसी महसूस हो सकती हैं। इसी समानता के कारण मरीज कई बार घंटों या दिनों तक इसे गैस या अपच समझकर नजरअंदाज करते रहते हैं। इस दौरान इलाज में देरी होने से हार्ट की मांसपेशियों को नुकसान पहुंच सकता है। हार्ट अटैक में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है, इसलिए लक्षणों को पहचानकर समय पर मेडिकल सहायता लेना बेहद जरूरी है।

सीके बिड़ला हॉस्पिटल, दिल्ली के कार्डियोलॉजी डायरेक्टर डॉ. अंशुल कुमार जैन के अनुसार, सीने में होने वाली हर जलन को एसिडिटी मान लेना सबसे बड़ी गलतियों में से एक हो सकता है। हार्ट, खाने की नली और पेट के आसपास मौजूद हिस्सों से जुड़े नसों के संकेत कई बार एक जैसे महसूस होते हैं। इसी कारण हार्ट की आर्टरी में ब्लॉकेज से होने वाली तकलीफ भी कभी-कभी जलन या गैस जैसी लग सकती है।

अगर सीने की परेशानी के साथ दर्द जबड़े, गर्दन, पीठ या बाजुओं तक फैल रहा हो, अचानक सांस लेने में कठिनाई हो रही हो या बिना किसी वजह के ठंडा और चिपचिपा पसीना आ रहा हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इसी तरह अचानक कमजोरी, चक्कर या बेहोशी महसूस होना भी गंभीर संकेत हो सकता है। सीने में भारीपन, दबाव या कसाव महसूस होना भी हार्ट की समस्या से जुड़ा हो सकता है। ऐसे लक्षणों की स्थिति में इसे सिर्फ एसिडिटी समझकर दवा लेने के बजाय तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *