दरभंगा बहादुरपुर थाना क्षेत्र के सिनुआरा गांव में जंजीर और ताले से. बंधे मदरसा के चार छात्रों को देख कर लोग हतप्रभहो गये। चारों बच्चों के पैर एक जंजीर से बंधे थे और उसमें ताला लगा था। ग्रामीणों की पूछताछ में पता चला कि सभी बच्चे मधुबनी जिले के अररिया संग्राम थानाक्षेत्र के हैं। सभी बच्चों के सिर मूड़े हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी को बाल कल्याण समिति के माध्यम से तत्काल बाल गृह भेज दिया है। साथ ही सभी के स्वजन को घटना की जानकारी दी गई है। पूछताछ में चारों बच्चे एपीएम थाना क्षेत्र के इसहातुल उलउलूम मदरसा, बलुआहा के छात्र पाए गए हैं। बताया कि एक माह पहले सभी पढ़ने के लिए आए थे। जहां मदरसा के मौलाना चारों से जबरन :
शौचालय की सफाई सहित अन्य काम कराते हैं। विरोध करने के कारण सभी के पांव में जंजीर लगाकर ताले लगा दिए गए, ताकि कोई भाग न सके। बच्चों ने बताया कि जब-जब विरोध करते तो मौलाना उन लोगों के साथ मारपीट करता था। शुक्रवार को किसी तरह से मदरसा से निकलकर यहां तक पहुंचे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि पेड़ के छांव में चारों बदहवास बैठे थे। इसके बाद घटना की जानकारी लेकर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि स्वजन के पहुंचने पर पूरी घटना की जानकारी मिल पाएगी। वहीं एपीएम थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि इस घटना उन्हें कोई सूचना नहीं है। मदरसा की ओर से अब तक किसी बच्चे की मिसिंग की सूचना नहीं दी गई है।
