June 20, 2026
image (1)

राघोपुर प्रखंड के जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को ठनका गिरने से बड़ा हादसा हो गया।अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। वीरपुर करारी टोला के पास यह हादसा उस समय हुआ जब तीन युवक बाइक से घर लौट रहे थे। मृतकों की पहचान विवेक कुमार और पीयूष कुमार के रूप में हुई है।
दोनों अपने एक साथी अभिषेक कुमार के साथ किसी काम से बीरपुर पेठिया गए थे। काम समाप्त होने के बाद तीनों एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान नागा सिंह के घर के निकट अचानक ठनका गिर गया। हादसे में विवेक की मौके पर ही मौत हो गई। ठनका गिरने से पीयूष कुमार और अभिषेक कुमार भी गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर फतेहपुर में चिकित्सकों ने पीयूष को मृत घोषित कर दिया। वहीं अभिषेक कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है।
उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। दूसरी घटना चक सिंगार पंचायत के चक चांद टोला में हुई। यहां ठनका गिरने से 56 वर्षीय पानों देवी की मौत हो गई।
वह महनार थाना क्षेत्र के मुरौवतपुर गांव की रहने वाली थीं। चार दिन पहले आयोजित सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने मायके आई थीं।
अचानक हुई इस घटना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे बेहद दुखद और हृदयविदारक हादसा बताया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों गांवों में कोहराम मच गया। जदयू प्रखंड अध्यक्ष मंतोष कुमार सिंह ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिलाया।
उन्होंने प्रशासन से मृतकों के स्वजन को जल्द मुआवजा देने की मांग की। स्थानीय लोगों ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। जुड़ावनपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
राघोपुर के प्रभारी सीओ राजीव रंजन ने भी घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक ही दिन में तीन मौतों से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *