मुजफ्फरपुर में पूर्व मेयर समीर कुमार और आशुतोष शाही हत्याकांड के आरोपित गोविंद शर्मा उर्फ गोविंदा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शहर के अमर सिनेमा रोड स्थित छोटी कल्याणी इलाके में अपराधियों ने दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम दिया। गोविंद शर्मा सीढ़ियां चढ़ रहा था, तभी घात लगाए अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सरेआम हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दहशत के कारण कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। वारदात की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस समेत वरिष्ठ अधिकारी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हत्या के बाद मचे बवाल और स्थानीय समर्थकों के आक्रोश को देखते हुए छोटी कल्याणी और अमर सिनेमा रोड क्षेत्र को पूरी तरह से छावनी में बदल दिया गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कालेज व अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पूर्व मेयर समीर कुमार और जमीन कारोबारी आशुतोष शाही हत्याकांड के मुख्य आरोपित गोविंद शर्मा उर्फ गोविंदा की हत्या मुजफ्फरपुर में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गोविंद अमरनाथ पांडेय के आइकॉन टावर पहुंचा था। इसी दौरान वह सीढ़ियां चढ़ रहा था कि घात लगाए दो बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। गोविंद का नाम पूर्व मेयर समीर कुमार की एके-47 से हुई हत्या के मामले में सामने आने के बाद सुर्खियों में आया था। बाद में वह जमीन कारोबारी आशुतोष शाही हत्याकांड में भी मुख्य आरोपितों में शामिल हुआ। दोनों चर्चित मामलों के कारण वह पुलिस और अपराध जगत में चर्चित नाम बन गया था। घटना की सूचना मिलते ही नगर डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से मिले खोखे और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे गैंगवार और आपसी वर्चस्व की लड़ाई की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पुराने आपराधिक विवादों और हाल के घटनाक्रमों को भी खंगाल रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच के बाद हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा। गोविंद की हत्या के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार गोविंद शर्मा के खिलाफ विभिन्न थानों में छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। हत्या के बाद घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को पांच जिंदा कारतूस और छह खोखे बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने नाइन एमएम पिस्टल का इस्तेमाल किया। फोरेंसिक टीम बरामद साक्ष्यों की जांच कर रही है, जिससे हमलावरों और इस्तेमाल किए गए हथियार के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सके।
