सावन के महीने में टाटा मोटर्स के शेष बचे अस्थायी कर्मचारियों के लिए मंगलवार का दिन खुशियों भरा रहा। कंपनी प्रबंधन ने अंतिम चरण में बचे अस्थायी कर्मचारियों के स्थायीकरण के लिए सूची जारी कर दी। अंतिम सूची में 78 अस्थायी कर्मचारियों के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही कंपनी में अस्थायी कर्मचारियों के स्थायीकरण की प्रक्रिया अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। गौरतलब है कि टाटा मोटर्स में 2700 अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने के लिए त्रिपक्षीय समझौता हुआ था। समझौते के तहत प्रत्येक माह करीब 225 अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी किया जाता रहा। लगातार चले इस स्थायीकरण अभियान के बाद अब केवल 78 कर्मचारी स्थायी होने के लिए शेष रह गए थे, जिनकी अंतिम सूची मंगलवार को प्रकाशित कर दी गई।
लेबर ब्यूरो में होगी प्रक्रिया पूरी सूची में शामिल कर्मचारियों को निर्धारित तिथि और शेड्यूल के अनुसार लेबर ब्यूरो स्थित कार्यालय में उपस्थित होना होगा। वहां मेडिकल जांच के साथ आवश्यक प्रमाण पत्रों की जांच सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित कर्मचारियों को कंपनी में स्थायी कर्मचारी का दर्जा प्रदान किया जाएगा। यूनियन ने दी शुभकामनाएं टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह ने अंतिम सूची में शामिल सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी हैं। यूनियन नेताओं ने कर्मचारियों से निर्धारित शेड्यूल के अनुसार समय पर लेबर ब्यूरो पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है। साथ ही किसी प्रकार की परेशानी होने पर यूनियन से संपर्क करने की बात कही है।
समाप्त हुआ अस्थायी कर्मचारियों का दौर अंतिम सूची जारी होने के साथ ही टाटा मोटर्स में लंबे समय से चले आ रहे अस्थायी कर्मचारियों के स्थायीकरण का सिलसिला अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। 2700 कर्मचारियों के स्थायीकरण के लिए हुए समझौते के तहत क्रमबद्ध तरीके से प्रक्रिया पूरी की गई और अब शेष 78 कर्मचारियों को भी स्थायी किए जाने का रास्ता साफ हो गया है। इसे टाटा मोटर्स के कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
