फाटक बंद था, ट्रेन आने वाली थी और चार लोग दूसरी तरफ खड़े थे। तभी एक व्यक्ति ने फोन मिलाया और हाथ से ट्रेन रोकने का इशारा किया।
कुछ ही देर में मेमू ट्रेन फाटक के पास आकर रुक गई। इसके बाद दो महिलाएं और दो पुरुष ट्रेन में सवार हुए और ट्रेन आगे बढ़ गई। कुमारबाग फाटक से जुड़ा यह वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद रेल महकमे में खलबली मच गई है। मामला आठ अगस्त का बताया जा रहा है और इसकी जांच शुरू कर दी गई है। बेतिया-नरकटियागंज रेलखंड पर कुमारबाग रेलवे स्टेशन के समीप समपार फाटक पांच सी का वीडियो सामने आया है। वीडियो में फाटक बंद दिखाई दे रहा है। इसी दौरान दो महिलाएं और दो पुरुष वहां नजर आते हैं। एक व्यक्ति किसी से फोन पर बात करता है और हाथ से इशारा करते हुए ट्रेन को रोकने की कोशिश करता दिखाई देता है।
कुछ ही देर बाद बेतिया से नरकटियागंज जाने वाली 63341 मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज मेमू ट्रेन वहां पहुंचती है। ट्रेन फाटक के पास रुक जाती है। इसके बाद दोनों महिलाएं और दोनों पुरुष ट्रेन में सवार हो जाते हैं। चारों के ट्रेन में चढ़ने के बाद मेमू आगे रवाना हो जाती है। बताया गया कि यह वीडियो किसी छात्र ने बनाया था। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद रेल अधिकारियों के संज्ञान में मामला आया। छात्र से भी वीडियो की वास्तविकता और घटना से जुड़ी जानकारी को लेकर पूछताछ की गई है। जांच में कुमारबाग फाटक के पास ट्रेन रुकने की घटना सही पाई गई है। जांच में ट्रेन के फाटक के पास रुकने की पुष्टि तो हुई है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि ट्रेन को आखिर किस कारण रोका गया। चार लोगों को ट्रेन में सवार होने के बाद ट्रेन के रवाना होने का दृश्य भी वीडियो में दिखाई दे रहा है। हालांकि ट्रेन को रोकने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। आरपीएफ इंस्पेक्टर ऋतुराज कश्यप ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में मानव सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए ट्रेन को रोके जाने की बात सामने आई है। मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही ट्रेन रुकने का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। जीआरपी थानाध्यक्ष राजेश पासवान ने बताया कि वीडियो देखने से प्रथम दृष्टया ट्रेन के रुकने की बात प्रतीत होती है। हालांकि इसके पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। रेल अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ होगा कि ट्रेन किन परिस्थितियों में फाटक के पास रुकी थी।
