April 25, 2026
image (2)

पुलिस जिला नवगछिया के कदवा थाना क्षेत्र के खैरपुर कदवा स्थित पूर्व टोला वार्ड संख्या 3 में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां शौचालय की टंकी (सेप्टिक टैंक) की सेटिंग खोलने के दौरान दम घुटने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 8:30 बजे ज्वाला यादव के घर पर हुआ। बताया जा रहा है कि शौचालय टंकी की निर्माण के दौरान मजदूर नीचे उतरे थे। इसी दौरान जहरीली गैस के कारण एक-एक कर तीनों मजदूर बेहोश होकर गिर पड़े और दम घुटने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब चौथे व्यक्ति ने स्थिति को गंभीर देखा तो शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दीवार तोड़कर तीनों मजदूरों को बाहर निकाला और तुरंत अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान बम-बम मंडल (पिता अक्षय लाल मंडल), जननदन मंडल (पिता पुरण मंडल) और श्रीलाल मंडल (पिता स्वर्गीय कल्लर मंडल), कदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी लछमिनिया के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कदवा थाना, नवगछिया थाना सहित अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच में जुट गए हैं।
वहीं अनुमंडल अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान नवगछिया प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित जिला परिषद अध्यक्ष विपिन मंडल भी अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *