सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंंड इंडस्ट्रीज की ओर से 24 अप्रैल को बिष्टुपुर स्थित चैम्बर भवन में ‘न्यू इनकम टैक्स एक्ट व नियमों’ विषय पर ज्ञानवद्र्धक सत्र का आयोजन किया जा रहा है, जो शाम सवा चार बजे से किया जाएगा। चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया व महासचिव पुनीत कावंटिया ने कहा कि 24 अप्रैल का आयोजित सत्र में देश के प्रसिद्ध कर विशेषज्ञ व वक्ता नई दिल्ली के चार्टर्ड अकाउंटेंट डा. गिरीश अहूजा मुख्य वक्ता के रूप में अपने व्यापक अनुभव के माध्यम से नए आयकर कानून व नियमों के अलग-अलग प्रावधानों, उनके व्यावहारिक प्रभाव व व्यवसाय व पेशेवरों के लिए उनके अनुपालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करेंगे।
कार्यक्रम में सहभागी के रूप में चार्र्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया जमशेदपुर शाखा व जमशेदपुर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सोसाइटी होंगे. यह सत्र विशेष रूप से व्यवसायियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, कर सलाहकारों व पेशेवरों के लिए अत्यंत उपयोगी रहेगा।
चैम्बर के उपाध्यक्ष (टैक्स व फाइनेंस) अधिवक्ता राजीव अग्रवाल व सचिव (टैक्स एवं फाइनेंस) अधिवक्ता अंशुल रिंगासिया ने कहा कि यह सत्र नए आयकर कानून की समझ को सुदृढ़ करेगा व व्यवसायों को बदलते कर परिदृश्य में बेहतर निर्णय लेने में सहायक सिद्ध होगा. चैम्बर के अन्य पदाधिकारियों उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, हर्ष बाकरेवाल, अनिल मोदी, सचिव भरत मकानी, विनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया ने चैम्बर के सभी सदस्यों से भाग लेने की अपील की।
