नालंदा के लहेरी थाना क्षेत्र स्थित बाजार समिति के पास एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक आशंका है कि हत्या कहीं और कर शव को पेट्रोल डालकर यहां लाकर फेंका गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए एफएसएल टीम को जांच में लगाया है और मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। नालंदा जिले के लहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार समिति परिसर के बाहर बुधवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक दुकान के बाहर एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव बरामद किया गया। घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों और व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। शव की स्थिति को देख यह अंदेशा जताया जा रहा है कि व्यक्ति की हत्या कहीं और करने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से पेट्रोल डालकर उसे दुकान के बाहर काउंटर के पास छुपाकर रखा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही लहेरी थाना और दीपनगर थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया गया है और साक्ष्य संकलन के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस आसपास के थानों और स्थानीय लोगों से संपर्क साध रही है।
