April 17, 2026
WhatsApp Image 2026-03-30 at 11.00.44 AM

पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित दलदली रोड में देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। करीब 2:30 बजे अचानक एक मकान से उठीं लपटों ने पूरे भवन को चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि महज 5 मिनट के भीतर पूरी बिल्डिंग धू-धू कर जलने लगी। लपटें देख आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और अफरा-तफरी मच गई। मकान में फंसे चार लोगों को दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। समय पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने से किसी की जान नहीं गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संकरी गलियों के कारण दमकल गाड़ियों को पहुंचने में दिक्कत हुई, लेकिन टीम ने साइड से सीढ़ी लगाकर पानी की बौछार शुरू की। करीब ढाई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सुबह 5:30 बजे तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई। मौके पर करीब 10 दमकल गाड़ियां तैनात की गई थीं। आग में घर का फर्नीचर, फ्रिज और अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि, दमकल की तत्परता से आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फिलहाल अग्निशमन विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *