October 2, 2026
image (1)

अंबेडकरनगर में AC बस और ट्रेलर की टक्कर हो गई। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई। 4 गंभीर घायल हैं। 50 यात्रियों को लेकर बस दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही थी। हादसा शुक्रवार सुबह 5 बजे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यात्री अंदर फंस गए। चीख-पुकार मच गई। हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री नींद में थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से बस को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। करीब 40 मिनट तक रेस्क्यू चला।

बस में करीब 50 यात्री सवार थे। बस की स्पीड 100 के करीब बताई जा रही थी। बस ड्राइवर, कंडक्टर व ट्रेलर ड्राइवर मौके से भाग गए।
एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि बस ‘तिघरा एक्सप्रेस’ ट्रैवल की थी। शुरुआती जांच में लग रहा है कि बस चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। घटना जिला मुख्यालय से 50 किमी दूर जैतपुर थाना क्षेत्र में हुई। बस में ज्यादातर यात्री बिहार के थे। 4 मृतकों में एक की पहचान सचिन कुमार (30) के रूप में हुई है। वह बिहार के रहने वाले थे। तीन की पहचान की जा रही है। वहीं, घायल यात्रियों में सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) शामिल हैं। ट्रेलर टाइल्स लोडकर राजस्थान से बिहार जा रहा था। टक्कर के बाद सड़क पर टाइल्स बिखर गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *