सर्दियों का मौसम शुरू होते ही ड्राई फ्रूट्स का सेवन बढ़ जाता है और जब भी ड्राई फ्रूट्स की बात आती है, तो सबसे पहले दिमाग में बादाम का नाम आता है जिसे सबसे पौष्टिक माना जाता है। शरीर को एनर्जी देने, दिमाग तेज करने और ताकत बढ़ाने के लिए आयुर्वेद में भी बादाम के कई फायदे बताए गए हैं, लेकिन कई लोग इसे खाने का सही तरीका नहीं जानते हैं। आयुर्वेद के अनुसार बादाम की तासीर गर्म और पचने में भारी होती है, इसलिए सर्दियों में शरीर को अंदर से गर्माहट और पोषण देने के लिए इसका सही तरीके से सेवन करना बेहद जरूरी है। बादाम को रातभर पानी में भिगोकर सुबह छिलके उतारकर खाना सबसे अधिक लाभकारी होता है क्योंकि इससे ये आसानी से पच जाते हैं और शरीर इनके पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से अवशोषित कर पाता है। हालांकि बादाम का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए जो व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य और पाचन क्षमता पर निर्भर करता है, फिर भी आम तौर पर रोजाना 4 से 8 भीगे हुए बादाम खाए जा सकते हैं, हालांकि कमजोर पाचन शक्ति वालों को कम मात्रा से शुरुआत करनी चाहिए।
