June 17, 2026
image (1)

बिहार के बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर बखड्डा ढाला के समीप गुरुवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।
बताया गया कि मृतकों में मधेपुरा जिले में पदस्थापित तीन थानाध्यक्ष भी शामिल हैं। सभी पुलिसकर्मी पटना से प्रशिक्षण लेकर लौट रहे थे। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर फैल गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुलिसकर्मियों का वाहन बखड्डा ढाला के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में तीन पुलिसकर्मियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल पुलिसकर्मी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस प्रकार हादसे में कुल चार पुलिसकर्मियों की जान चली गयी।
मृतकों में रतवारा थानाध्यक्ष साजन कुमार पासवान, अरार थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र तथा बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार शामिल बताए जा रहे हैं। वाहन चालक (प्राइवेट) मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज का निवासी था।
घटना की सूचना मिलने पर साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया। दुर्घटना के कारणों एवं घटनाक्रम की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि एनएच-31 के इस हिस्से में पूर्व में भी सड़क हादसे हो चुके हैं, जिसके बाद सड़क किनारे भारी वाहनों के पड़ाव और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *