August 15, 2026
56631

दरभंगा और मिथिला क्षेत्र के लोगों के लिए लंबी दूरी की यात्रा को लेकर अच्छी खबर है। अब ट्रेन के अलावा बस से भी देश के कई बड़े शहरों तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, दरभंगा ने दिल्ली समेत कई प्रमुख शहरों के लिए अंतरराज्यीय बस सेवाओं की सूची जारी की है। इसके तहत दरभंगा और मधुबनी से अयोध्या, दिल्ली, रांची, गुरुग्राम, धनबाद, बनारस-भदोही, टाटा, कूचबिहार और देवघर के लिए बसें उपलब्ध होंगी।

निगम कुल 22 डीजल बसों का संचालन करेगा। इनमें 11 एसी और 11 नॉन-एसी बसें शामिल हैं। यात्री अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से बस की श्रेणी चुन सकेंगे।

दरभंगा से दिल्ली की दूरी करीब 1200 किलोमीटर है। इस रूट पर डीलक्स बस का किराया 1700 रुपये तय किया गया है। वहीं, डीलक्स एसी से यात्रा करने पर 2077 रुपये और वोल्वो बस के लिए 2470 रुपये किराया देना होगा।

अयोध्या जाने वाले यात्रियों को भी बस सेवा का लाभ मिलेगा। दरभंगा से अयोध्या के लिए डीलक्स बस का किराया 707 रुपये, डीलक्स एसी का 861 रुपये और वोल्वो का 1025 रुपये निर्धारित किया गया है।

मधुबनी से देवघर जाने के लिए डीलक्स बस का किराया 439 रुपये और वोल्वो का किराया 638 रुपये रखा गया है। वहीं, मधुबनी से रांची जाने वाले यात्रियों के लिए किराया 672 रुपये से 975 रुपये के बीच निर्धारित किया गया है।

मधुबनी-टाटा और दरभंगा-धनबाद रूट को भी बस सेवा से जोड़ा जाएगा। इन लंबे रूटों पर बसों का विकल्प मिलने से यात्रियों को आवागमन में सहूलियत होने की उम्मीद है।

इसी बीच दिल्ली से बिहार के कई शहरों के लिए भी सीधी बस सेवा शुरू होने की तैयारी की खबर सामने आई है। दिल्ली सरकार बिहार के करीब 18 प्रमुख शहरों को बस सेवा से जोड़ने की योजना पर काम कर रही है। प्रस्तावित समझौते को मंजूरी मिलने के बाद दिल्ली से पटना के अलावा पूर्णिया, अररिया और किशनगंज जैसे शहरों तक भी सीधी बस सेवा उपलब्ध हो सकती है।

दिल्ली परिवहन विभाग ने बिहार सरकार के सामने इंटर स्टेट रिसिप्रोकल ट्रांसपोर्ट एग्रीमेंट का प्रस्ताव रखा है। इसका उद्देश्य दोनों राज्यों के बीच बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन की सुविधाओं और विकल्पों का विस्तार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *