July 31, 2026
ravan

नितेश तिवारी निर्देशित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। भव्य विजुअल्स और शानदार प्रस्तुति के बीच अभिनेता यश ने रावण के किरदार में अपनी दमदार मौजूदगी से सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है। ट्रेलर में उनकी पहली झलक से लेकर अंतिम गर्जना तक हर दृश्य दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ता नजर आता है। शाही कवच, प्रभावशाली व्यक्तित्व और तीखे भावों के साथ यश का रावण एक शक्तिशाली और आत्मविश्वासी शासक के रूप में सामने आया है।

ट्रेलर में रावण के कुछ चुनिंदा लेकिन प्रभावशाली दृश्य दिखाए गए हैं, जिनमें यश बिना लंबे संवादों के भी अपने अभिनय और स्क्रीन प्रेजेंस से किरदार की गंभीरता को उभारते नजर आते हैं। ट्रेलर की शुरुआत रावण की झलक से होती है और अंत उनकी दमदार गर्जना के साथ होता है, जिसने दर्शकों के बीच इस किरदार को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर भी यश के लुक और अभिनय की जमकर चर्चा हो रही है।

गौरतलब है कि यश इस फिल्म में सिर्फ रावण का किरदार ही नहीं निभा रहे, बल्कि अपनी कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले इसके सह-निर्माता भी हैं। ‘रामायण: पार्ट 1’ दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले यश अपनी अगली फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में नजर आएंगे, जिसका निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। यह फिल्म 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *