चेन्नई के पास चलती ट्रेन में हुई 3 करोड़ रुपए की ज्वेलरी चोरी के हाईप्रोफाइल मामले में चेन्नई सेंट्रल रेल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चेन्नई पुलिस ने फतुहा रेल पुलिस के सहयोग से गोविंदपुर इलाके में छापेमारी कर वार्ड नौ के पार्षद के बेटे राजन कुमार को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के पास से पुलिस ने 4 लाख रुपए कैश भी बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने चोरी की गई ज्वेलरी में से करीब 40 ग्राम सोना पटना सिटी में किसी व्यापारी को बेचा था। बरामद 4 लाख रुपए उसी सोने को बेचने से मिले थे। पुलिस अब उस व्यापारी की भी तलाश कर रही है, जिसने चोरी का सोना खरीदा था।-
गिरोह का पर्दाफाश, कई राज्यों के बदमाश शामिल
शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रेन में इस बड़ी चोरी की वारदात को एक अंतरराज्यीय गिरोह ने अंजाम दिया था, जिसमें फतुहा से गिरफ्तार राजन भी सक्रिय सदस्य के रूप में शामिल था। इस गिरोह में कई राज्यों के अपराधी जुड़े हुए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए चेन्नई पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चेन्नई पुलिस की टीम गिरफ्तार आरोपी को हिरासत में लेकर फतुहा थाने में आगे की कागजी कार्रवाई और पूछताछ में जुटी है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
