मौलाना मजहरूल हक अरबी-फारसी विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव मो. सनाउल्लाह खान को 2.50 लाख रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने उन्हें उनके कार्यालय कक्ष से मंगलवार को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ समस्तीपुर के रोसड़ा थाना निवासी रामानन्द महतो ने शिकायत दर्ज कराया था कि समस्तीपुर स्थित केआरसी -402 और 403 में नामांकित सभी छात्रों का परीक्षाफल प्रकाशित होने के बाद प्रैक्टिकल का अंक नही चढ़ा हुआ था। सभी छात्रों का परीक्षाफल में प्रैक्टिकल का अंक जोड़ने और लंबित परीक्षाफल प्रकाशित करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। लिखित शिकायत की जांच कराने के बाद निगरानी के डीएसपी श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया और अभियुक्त को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त से आवश्यक पूछताछ करने के बाद पटना स्थित निगरानी के विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा। निगरानी द्वारा इस वर्ष अबतक कुल 49 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। इसमें ट्रैप संबंधी 44 कांड शामिल हैं। इनमें 49 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इन अभियुक्तों के पास से कुल 16 लाख 41 हजार रुपये बरामद किए जा चुके है।
