आधुनिक जीवनशैली, गलत खान-पान और भागदौड़ के कारण हाई ब्लड प्रेशर एक बेहद गंभीर समस्या बन गया है जिसे ‘साइलेंट किलर’ का नाम दिया गया है, क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण आसानी से समझ नहीं आते और यह अंदर ही अंदर दिल, किडनी और दिमाग को नुकसान पहुंचाता रहता है। इस गंभीर खतरे से निपटने का सबसे अच्छा उपाय समय-समय पर ब्लड प्रेशर की जांच करवाना है ताकि किसी भी तरह के उतार-चढ़ाव पर तुरंत नजर रखी जा सके। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना कम से कम 30 मिनट पैदल चलना, साइकिल चलाना या व्यायाम करना चाहिए और लंबे समय तक एक ही जगह पर बैठने से बचना चाहिए। खान-पान में नमक की मात्रा कम करनी चाहिए तथा तली-भुनी और जंक फूड से तौबा करके ताजे फल, हरी सब्जियां और पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देनी चाहिए। डॉक्टर द्वारा दी गई दवाइयों को कभी भी खुद से बंद नहीं करना चाहिए और दवा में किसी भी बदलाव के लिए हमेशा डॉक्टर से ही परामर्श करना चाहिए। इसके साथ ही, सिगरेट, तंबाकू और शराब जैसी हानिकारक आदतों से दूरी बनाना और मानसिक तनाव से बचते हुए पूरी नींद लेना ब्लड प्रेशर को नियंत्रण में रखने के लिए बेहद जरूरी है।
