June 8, 2026
image (2)

बुद्धा कालोनी थाना क्षेत्र के गौरैया स्थान स्थित एक किराए के मकान से पीएमसीएच में लैब टेक्नीशियन की पढ़ाई कर रहे छात्र का शव फंदे से लटका हुआ मिला है। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर के हत्था निवासी गुड्डू राजा के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, लेकिन छात्र के स्वजन ने इस घटना को आत्महत्या मानने से साफ इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है। पुलिस सुसाइड नोट की जांच करने के साथ-साथ स्वजन द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की छानबीन में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। इधर, पिता नरेश राय ने मकान मालिक हीरा चंद्र झा के खिलाफ थाना में आवेदन दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मकान मालिक ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की और फिर उसे सुसाइड बना दिया है। गुड्डू राजा पीएमसीएच के नेत्र विभाग में सत्र 2025-27 का छात्र था और हीरा चंद्र झा नामक व्यक्ति के मकान में किराए पर रहता था। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे की तलाशी ली, तो वहां से एक सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में लिखा था कि पापा-मम्मी, मैं आपलोगों के साथ हमेशा हूं। अभी फिलहाल मेरा सफर यहीं तक था।
जब कभी भी मेरी कमी महसूस हो, तो आपलोग मेरे भाई समान दोस्त अनिकेत को याद कर लीजिएगा। अनिकेत भाई, मेरे मम्मी-पापा बहुत स्ट्रांग हैं, लेकिन जब जैसी उनकी मदद चाहिए, उनकी हेल्प जरूर कीजिएगा, खासकर बीमारी से संबंधित।
पांच बहनों का इकलौता भाई था गुड्डू, बहन की शादी से लौटा था।
इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। गुड्डू के पिता नरेश राय, जो एक सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा पांच बहनों के बीच इकलौता भाई था।
बीते 13 मई को ही उसकी बहन की शादी हुई थी, जिसमें शामिल होने के लिए वह घर आया था और चार जून को ही वापस पटना लौटा था। पिता का आरोप है कि बेटे की मौत होने के करीब 24 घंटे बाद मकान मालिक ने उन्हें इस बात की जानकारी दी, जिससे मामला बेहद संदिग्ध नजर आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *